बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त हो चुका है. तीन चरणों में हुए बिहार विधानसभा 2020 के चुनाव में प्रचार के दौरान नेताओं की आक्रामकता, जुबानी जंग, नौकरी, पाकिस्तान, चीन, समेत सभी मुद्दे बहस का केंद्र रहे. अब चुनाव के बाद से अलग-अलग एजेंसियों ने एग्जिट पोल के नतीजे जारी करने शुरू कर दिए हैं. प्री रिजल्ट नतीजों में महागठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है. वहीं नीतीश सरकार की विदाई भी दिखाई दे रही है. बहरहाल, यह केवल चुनाव परिणाम से पूर्व अनुमान है. नतीजा तो 10 तारीख को ही सामने आएगा.
कांग्रेस में कभी खुशी, कभी गम के हालात
एग्जिट पोल में महागठबंधन को बहुमत मिलने के आसार को देखते हुए कांग्रेसी खेमे में उत्साह है लेकिन कांग्रेस के मन में अपने विधायकों के टूटने का डर भी दिखाई दे रहा है. इसी का नतीजा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सामने आकर दो दिग्गजों को बिहार का ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिया. सोनिया गांधी पार्टी ने महासचिव रणदीप सुरजेवाला और अविनाश पाण्डेय को बिहार में विधायकों को बचाये रखने की जिम्मेदारी दी है. दोनों बिहार के मामलों को देख रहे हैं. दोनों ही बिहार चुनाव परिणाम के निकलने से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को देंगे. ऐसा नहीं है कि रणदीप सुरजेवाला पहली बार बिहार में कैंप कर रहे हैं. इससे पहले भी वोटिंग के दौरान सुरजेवाला कैंप कर चुके हैं.
10 नवंबर पर टिकी सबकी नजर
हालांकि एग्जिट पोल्स में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है. बावजूद इसके सभी राजनीतिक दलों की नजर 10 नवंबर मंगलवार के दिन पर टिकी हुई है. 10 नवंबर को तय हो जाएगा कि बिहार की जनता के दिलों पर कौन राज करेगा? बता दें कि बिहार में 3 चरणों में चुनाव हुए. पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर वोटिंग हुई थी, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों पर वोटिंग हुई जबकि तीसरे और अंतिम चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान हुआ था. बिहार चुनाव में महागठबंधन और एनडीए के बीच सीधा मुकाबला हो रहा है.
बिहार में मध्य प्रदेश पार्ट 2 होने से बचाने के लिए सोनिया गांधी ने अपने बेहद खास नेताओं को जिम्मेदारी दी है. कांग्रेस अपनी आशंका को बढ़ावा देना नहीं चाहती.

Add Comment