Sultanpur/ up : राज्य में कोरोना के संक्रमण की बढ़ती रफ़्तार को देखते हुए सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को लॉक डाउन लगाया गया है.कई स्थानों पर पुलिस बहुत एक्टिव है तो कहीं लापरवाही के भी आरोप हैं.
लॉक डाउन में अपनी पुलिस की व्यवस्था और चौकसी करने का इरादा लिए सड़क पर उतरे एसपी शिव हरि मीणा को अपने ही अधीनस्थों से फटकार सुननी पड़ी. हालांकि कि एसपी सुल्तानपुर ने बाद में पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया.
क्या था मामला
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक सुल्तानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा ने सप्ताहांत पर घोषित लॉकडाउन के दौरान अपने मातहत अधिकारियों और कर्मचारियों की मुस्तैदी जांचने के लिए भेष बदल कर एक बैरियर लांघने की कोशिश की. ऐसा करने पर पुलिसकर्मियों ने न केवल उन्हें रोक बल्कि फटकार भी लगाई. लेकिन जैसे ही एसपी मीणा ने अपने चेहरे से कपड़ा हटाया पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए. पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने से खुश हुए एसपी ने बदले में उन्हें मुस्तैद रहने का इनाम दिया.
बकौल पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर शिवहरि मीणा
“शनिवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे बंदी के दौरान पुलिस की मुस्तैदी परखने के लिए हमने अपना भेष बदलकर कोतवाली नगर क्षेत्र के डाकघर चौराहे पर लगे बैरियर को लांघने की कोशिश की. वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने रोका, तो भी हम नही माने और आगे निकलने लगे. पुलिसकर्मियों ने हमें दौड़कर रोक लिया. इतने में हमने अपने चेहरे से गमछा हटा दिया.”
बस फिर क्या था, अपने अधीक्षक को इस भेष में देखकर सभी पुलिसकर्मी दंग रह गये. तुरंत ही पुलिस अधीक्षक के पीआरओ, गनर भी मौके पर पहुंच गये. पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में कामयाब सभी आठ पुलिस कर्मियों को तत्काल 2,100 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की.
एसपी शिव हरि मीणा के इस व्यवहार की जमकर चर्चा हो रही है.



Add Comment