सहारनपुर/ उत्तर प्रदेश. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अंतिम और 3 राज्यों को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले सहारनपुर जिले के लिए आज का दिन राहत भरा रहा. दरअसल सहारनपुर में कोविड-19 के टेस्ट के लिए अत्याधुनिक मशीन लगा दी गई है.
कोरोना के पहले चरण में तेजी से मामले बढ़ने के बाद से एक समय संख्या 200 पहुंच गई थी जो धीरे-धीरे कम होने लगी थी लेकिन प्रवासियों के आने के बाद से यह संख्या फिर से बढ़ने लगी. लगातार इस बात की चर्चा हो रही थी कि जांच की गति बहुत धीमी है. ऐसे में जांच की गति को बढ़ाने के उद्देश्य से शासन द्वारा जिला अस्पताल को अति आधुनिक मशीन दी गई है. इस मशीन की खूबी यह है कि इससे मात्र 1 घंटे में कोरोना के पॉजिटिव या नेगेटिव होने की रिपोर्ट मिल सकेगी.
अस्पताल के मुताबिक अगर इस मशीन का प्रयोग दिन में दो बार किया जाए तो इस मशीन से 50 लोगों का प्रतिदिन कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट मिल जाएगी.
जनपद में इस मशीन के लगने से जिला अस्पताल कर्मियों ने राहत की सांस ली है. वहीं देर से रिपोर्ट मिलने से चिंतित लोगों के लिए भी यह राहत भरी खबर आई है.
दरअसल पहले जांच मशीन सहारनपुर में ना होने के कारण रिपोर्ट के लिए नोएडा या फिर लखनऊ सैंपल को भेजा जाता था जिसकी रिपोर्ट आने में काफी समय लग जाता था लेकिन अब इस मशीन के लगने से एक ही दिन में जांच और उसी दिन रिपोर्ट मिल सकेगी.
वर्तमान में जनपद में 260 कोरोना के मामले हैं जिनमे 225 लोग स्वस्थ होकर अपने घर चले गए हैं जबकि 35 कोविड-19 के एक्टिव मामले हैं.

Add Comment