PRAKASH K PANDEY
Saharanpur/ up. कोरोना वायरस दुनिया भर के लिए बड़ी समस्या बन गया है. कोरोना पॉजिटिव की सूचना मिलते ही हाथ पांव फूल जाते हैं. लोगों में चर्चा शुरू हो जाती है और जिसकी कड़ी को रोकने के लिए जनता कर्फ्यू की अपील पीएम मोदी द्वारा की गई है. उसी कोरोना के नाम पर लोगों को लूटने वाले भी कम नही हैं. लोगों के डर को उनकी मजबूरी बनाकर खूब खेल किया जा रहा है. हालांकि सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा लोगों से बिना डरे केवल सफाई से रहने की अपील की जा रही है. लोगों से सैनिटाइजर और मास्क के प्रयोग के लिए कहा जा रहा है.
लोगों की इसी जरूरत को कुछ मेडिकल स्टोर संचालको ने फायदे का सामान बना लिया. कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा लोगों की जरूरत का फायदा उठाने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं. सैनिटाइजर को मार्केट से लुप्त कर दिया गया और मास्क की कमी बताकर गायब कर ब्लैक किया गया. भारी मांग और सामान की कमी का लाभ उठाते हुए मेडिकल स्टोर संचालकों ने आम लोगों से जमकर पैसे वसूले. आज भी मास्क और सैनिटाइजर मिल पाना मुश्किल हो रहा है.
इसी बीच जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह ने ऐसा फैसला लिया जिससे आमजन की बहुत बड़ी समस्या आसान हो जाएगी. जिलाधिकारी ने मेडिकल स्टोर पर मास्क और सेनीटाइजर की रेट लिस्ट लगाने का आदेश दिया है. साथ ही जिलाधिकारी ने कालाबाजारी और ओवररेटिंग रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इस आदेश के बाद सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को अपने स्टोर पर मास्क और सैनिटाइजर की रेट लिस्ट लगानी होगी, जिससे आमजन आसानी से जान सकेंगे कि उनके साथ कहीं कालाबाजारी तो नहीं हो रही है या फिर ओवर रेटिंग या डिमांड के नाम पर उनको लूटा तो नहीं जा रहा है. जहां जिलाधिकारी के इस आदेश का खुले मन से स्वागत किया जा रहा है वहीं मेडिकल संचालको में हड़कंप हैं.

Add Comment