सहारनपुर/उत्तर प्रदेश. जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को रामनवमी और विजयदशमी के दिन बैंक खोलने के आदेश जारी किए हैं. आदेश में सभी बैंकों को अनिवार्य रूप से बैंक खोलने के लिए कहा गया है. आदेश की अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
तत्काल प्रभाव से लागू होने वाले आदेश में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने 24 अक्टूबर शनिवार व 25 अक्टूबर रविवार को बैंकों को पूर्व की तरह ही खोलने के आदेश दिए हैं. आदेश के मुताबिक बैंक और उनकी शाखाएं पूरे समय के लिए खोली जाएंगी.
क्या है बैंक खोले जाने का कारण
दरअसल जिलाधिकारी अखिलेश सिंह प्रधानमंत्री निधि योजना के तहत आवेदन पत्र पर ऋण वितरण की कार्रवाई कराना चाहते हैं. जिलाधिकारी ने इसके लिए बकायदा जनपद स्तर के अधिकारियों को नामित कर दिया है जो नगर निकाय तथा बैंकों और उनकी शाखाओं का भ्रमण कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपेंगे. प्रधानमंत्री निधि योजना के तहत 10 -10 हज़ार रुपये के लोन युद्ध स्तर पर मजदूर तबके के लोगों को दिया जा रहा है.
क्या है प्रधानमंत्री स्व निधि योजना
प्रधानमंत्री स्व निधि योजना के मुताबिक रेडी लगाने वालों, पटरी पर सामान बेचने वाले मजदूर और मजदूरी से जुड़े हुए लोगों को 10-10 हजार रुपए बैंकों से बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. ऋण के लिए केवल फोटो आवेदन पत्र और आधार कार्ड की आवश्यकता है. बैंकों को ऋण बांटने में कोताही के लिए मनाही की गई है.

Add Comment