देहरादून/ उत्तराखंड. उत्तराखंड सरकार ने मॉर्निंग वॉक से लेकर दुकानों के खुलने के समय तक में परिवर्तन कर दिया है. इतना ही नहीं राज्य सरकार ने शनिवार और रविवार का लॉकडाउन भी समाप्त कर दिया है. रोज कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सरकार के इस आदेश से ऐसा लगता है जैसे कोरोना खत्म हो गया है. वहीं विद्वानों ने इसे गैरजरूरी सरकारी फैसला माना है.
शनिवार को सचिवालय में कोविड-19 और डेंगू के रोकथाम और बचाव के लिए सभी जिला अधिकारियों से राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रूबरू हुए. उन्होंने निर्देश दिए कि अब आने वाले शनिवार और रविवार से देहरादून बंद नहीं रहेगा.इतना ही नहीं अगर पांच बजे कोई मॉर्निंग वाक पर निकलता है तो उस पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा. साथ ही साथ सुबह 7:00 बजे से रात 8:00 बजे तक बाजार खुलने का समय में भी परिवर्तन किया लेकिन क्वारंटाइन की निगरानी और उल्लंघन पर मुख्यमंत्री सख्त भी दिखे. उन्होंने क्वॉरेंटाइन के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए.
मुख्यमंत्री कोरोना पर संतुष्ट
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य में कोरोना रिकवरी रेट में सुधार है. उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि अब कुछ बदलाव की जरूरत है. सभी जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता एवं सुरक्षात्मक दृष्टि से कार्य करने की सलाह देते हुए बताया कि प्रदेश में अब 17 सौ से अधिक टेस्ट रोज हो रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि मुक्तेश्वर में भी कोरोना टेस्टिंग शुरू हो जाएगी जहां प्रतिदिन 100 टेस्ट होंगे.
बाजारों के समय में हुआ परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जनपदों में दुकानों को शाम 8:00 बजे तक खोलने की अनुमति दी जाए. इस नए आदेश के बाद से सुबह 7:00 बजे से रात 8:00 बजे तक बाजार खोले जा सकेंगे.
शनिवार और रविवार से देहरादून की तालाबंदी समाप्त
अगले शनिवार और रविवार से मार्केट खोलने की अनुमति भी मुख्यमंत्री ने दी है. उन्होंने साप्ताहिक अवकाश को जारी रखने का निर्देश दिया और कहा कि अब बाजार केवल साप्ताहिक अवकाश के दिन ही बंद रहेंगे.
मॉर्निंग वॉक पर मुकदमा नहीं
मुख्यमंत्री ने सुबह 5:00 बजे से मॉर्निंग वॉक की अनुमति दी है. मॉर्निंग वॉक करने वालों के साथ अब सरकार कोई सख्ती नहीं करेगी ना ही उन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा. कुल मिलाकर कहें तो रात 8:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक ही लॉकडाउन शेष है.
क्वारंटाइन का उल्लंघन सख्ती को दावत
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कोविड-19 के प्रभावी नियंत्रण के लिए सर्विलांस सिस्टम को और अधिक मजबूत किया जाएगा. होम कोरेन्टीन और होम आइसोलेशन की निगरानी बढ़ाई जाएगी. इतना ही नहीं इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Add Comment