सहारनपुर. जिले में बढते कोरोना संक्रमण पर व्यापारियों का पारा हाई है. यही कारण है कि उन्होंने राज्य के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप साही पत्र लिखकर सात सवाल पूछे हैं. बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर सरकार द्वारा क्या व्यवस्थाएं की गई, क्या सरकार की आगामी योजनाएं है, आक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है, तमाम बातों को लेकर सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमण्डल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा, महामंत्री स. सुरेन्द्र मोहन सिंह चावला, कोषाध्यक्ष एस.के. दुआ ने सूबे के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही को पत्र लिखा और उम्मीद भी जताई कि वो उनके द्वारा पूछे गये सवालों के जवाब जल्द से जल्द देंगे.
क्या हैं सवाल
जब माह नवम्बर 2020 में कोरोना संकट समाप्त हो गया था, तो सहारनपुर में भविष्य में ऐसा संकट आता है, तो उसके लिए क्या तैयारी की गई थी ?
सहारनपुर नगर में हस्पतालों में बैड की बहुत अधिक समस्या है, यहाँ के सैकड़ो मरीजों को दूसरे शहरों में जाकर कोविड़ का इलाज कराने के लिए जाना पड़ रहा है, यहाँ अधिक बैड की समस्या क्यों नहीं हो पा रही है ? जबकि आदरणीय मुख्यमंत्री जी का आदेश है कि सभी प्राईवेट अस्पतालों का अधिग्रहण कर उन्हें कोविड अस्पतालों में परिवर्तित किया जाये.
सहारनपुर जिले में जो मरीज घर पर रहकर इलाज करा रहे है, उनके लिए ऑक्सीजन सिलेण्डर की क्या व्यवस्था है ?
अगर कोई गम्भीर हालत में मरीज सहारनपुर से अन्य राज्य या अन्य शहर में कोरोना के इलाज के लिए जाना चाहता है, तो सरकारी स्तर पर उसको बाहर भेजने की क्या व्यवस्था है ?
पिलखनी मैडिकल काॅलेज ऑक्सीजन प्लांट अगर 6 माह से खराब था, तो उसको समय से ठीक क्यों नहीं कराया गया ? इसके लिये कौन दोषी है, और क्या कोई कार्रवाई की गई ?
मंत्री महोदय आप कोरोना काल में जनसमस्याओं के लिए सहारनपुर के दौरे पर तो आते है, परन्तु आप सिर्फ प्रशासनिक अधिकारियों व अपनी पार्टी के जनप्रतिनिधियों से मिलते है. आप यहाँ के आम नागरिको, व्यापारिक संगठनो, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों से इस संकट की घड़ी में जनसमस्याओं से अवगत क्यों नहीं होते ?
समाचार पत्रों के माध्यम से ज्ञात हो रहा है, कि कोरोना की तीसरी लहर आने वाली है, उसके लिए सरकारी स्तर पर क्या योजनाएं बन रही है, जिससे की लोगो की जान की सुरक्षा हो सके ?




Add Comment