243 वाहन सीज, 18 लाख से अधिक का जुर्माना
SAHARANPUR/UTTAR PRADESH. कोरोना के खतरें को नजरअंदाज कर लॅाक डाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. चेकिंग के दौरान 243 वाहन सीज किए गए और 18 लाख 42 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
लॅाक डाउन के दौराना सोमवार को जिस तरह लोग अपने वाहनों से सड़कों पर निकले. उसे देखकर स्थानीय अधिकारी भी काफी कुछ सोचने को मजबूर हो गए. जिसके बाद जगह-जगह अवरोधक लगाकर लोगों को रोककर कार्रवाई की गई.
पुलिस के मुताबिक वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए जिले में 68 स्थानों पर बैरियर लगाकर तथा नाकाबंदी कर वाहनों को रोका गया. इस दौरान 2761 वाहन चेक कर 1552 वाहनों के चालान किए गए और 243 वाहन सीज करने के साथ ही 18 लाख 42 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
इतना ही नहीं 151/107/116 सीआरपीसी में 193 एवं धारा 188 भादवि यानि धारा 144 के उल्लंघन करने पर 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
लॉक डाउन के बाद से सहारनपुर पुलिस ने अब सख्ती बरतनी शुरू कर दी है.इसी का नतीजा रहा कि पुलिस ने जहां मुकदमे दर्ज किए वहीं कई वाहनों के चालान भी किए. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने कहा है इसके बाद भी यदि कोई ढिलाई बरतता है तो वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी.

Add Comment