डॉ अमित सेन
सहारनपुर. बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए.डीएम साहब को देखकर राजस्व विभाग समेत थाने के सभी कर्मचारी दंग रह गए. डीएम साहब जानकारी हासिल करना चाह रहे थे कि क्षेत्र में सब कुछ ठीक है अथवा नहीं. लेकिन कमाल की बात यह मिली कि डीएम साहब को ऑल इज़ वैल मिला यानी कि सब कुछ ठीक मिला.
ऐसा नहीं है कि बिहारीगढ़ क्षेत्र में कोई समस्या नहीं है, समस्याएं हैं लेकिन खराब मौसम के चलते कोई फरियादी या शिकायतकर्ता अपनी शिकायत लेकर थाने तक नहीं पहुंच पाया. कल से लगातार चल रही बारिश ने क्षेत्र के अधिकारी और कर्मचारियों को राहत जरूर दिला दी. जिलाधिकारी महोदय ने आधे घंटे से ज्यादा समय थाने में बिताया. इस बीच कोई भी फरियादी नहीं आया.
आज मार्च माह के पहले समाधान दिवस में डीएम सहारनपुर अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं का और उनके निदान का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे. किसी फरियादी के ना आने पर उन्होंने थाने में उपलब्ध उप जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह से शिकायतों के संबंध में जानकारी मांगी. दोनों के द्वारा खराब मौसम के चलते शिकायती ना पहुंचने का कारण बताया गया जिसके बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को बुलाकर नवनिर्मित हाईवे बाईपास मार्ग का निरीक्षण करने की इच्छा जाहिर की. जिलाधिकारी गणेशपुर से सहारनपुर तक निरीक्षण करना चाह रहे थे लेकिन यहां भी मौसम बाधक बन गया और डीएम साहब को बिना निरीक्षण मुख्यालय वापस आना पड़ा.

Add Comment