नई दिल्ली. दिल्ली हिंसा की आंच में कई चेहरे शामिल होने की आशंका के बीच पत्रकार राणा अय्यूब पर मुकदमा दर्ज किया गया है. राणा पर यह मुकदमा दिल्ली हिंसा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के लिए किया गया है.
पत्रकार राणा अय्यूब के द्वारा शेयर की गई वीडियो पर मुंबई निवासी रमेश ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है और कार्रवाई की मांग की है. शिकायतकर्ता रमेश ने दावा किया है कि राणा ने ‘‘समाज में और घृणा फैलाने और दिल्ली हिंसा को और बढ़ाने की मंशा से’ दिल्ली हिंसा का हवाला देते हुए दो साल पुरानी एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की. रमेश ने मंगलवार को ऑनलाइन एक शिकायत में राणा के ट्वीट की फोटो भी अपलोड की.
पूरे मामले पर साइबर अपराध के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वह पहले तथ्यों की जांच करेंगे और आवश्यकता होने पर कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि राणा ने 25 फरवरी को 45 सेकेंड का एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल से साझा की थी, विडियो में कुछ पुरुष मिनार जैसी दिखने वाली एक जगह पर एक खास तरह का ध्वज और तिरंगा झंडा लगाने का प्रयास कर रहे हैं. दिल्ली में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का विरोध और समर्थन करने वाले समूहों के बीच संघर्ष ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया.
दिल्ली पुलिस की सख्ती के बाद स्थिति को काबू किया जा सका है. पुलिस ने कठोर कदम उठाते हुए दिल्ली में कर्फ्यू और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए हैं.

Add Comment