उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ़्तार लगातार बढ़ रही है. इसकी परवाह ना कर योगी सरकार लोगों को तेजी से वैक्सीनेशन करा रही है. लेकिन अब सरकार ने टीकाकरण को लेकर बड़ा फैसला किया है. टीकाकरण अभियान में बदलाव करते हुए सरकार ने कहा है कि अब 45 साल से ऊपर की उम्र के लोगों को भी टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा.
10 मई से यह नियम जमीनी स्तर पर काम करने लगेगा. कहने का मतलब यह है कि 10 मई के बाद बिना रजिस्ट्रेशन के 45+ की उम्र के लोगों को टीका नहीं लग सकेगा. इससे पहले कोई व्यक्ति जिसकी उम्र 45 साल से ज्यादा थी केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकता था. अभी तक रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं थी. हालांकि राहत की बात यह है कि जिन लोगों ने पहली डोज ले ली है उन्हें दूसरी डोज के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा.
उत्तर प्रदेश में टीकाकरण तेज रफ्तार से किया जा रहा है. सरकार ने टीकाकरण के मामले में देश में रिकॉर्ड कायम किया है. फिलहाल तक राज्य में तकरीबन एक करोड़ से ज्यादा लोगों ने कोरोना की पहली वैक्सीन की डोली ले ली है जबकि 25 लाख से ज्यादा लोग ऐसे हैं जो अब तक टीके की दूसरी डोज भी ले चुके हैं. इतना ही नहीं प्रदेश सरकार ने 18 साल से 44 साल के उम्र के लोगों का भी टीकाकरण शुरू कर दिया है. हालांकि राज्य में फिलहाल 7 स्थानों पर टीकाकरण किया जा रहा है ऐसे जगहों को चिन्हित किया गया जहां 9000 से अधिक मामले हैं.
कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन तो हो रहे हैं लेकिन स्लॉट अभी नहीं मिल पा रहे हैं. इसका कारण यही है कि राज्य सरकार ने पहले 7 जिलों में वैक्सीनेशन को शुरू किया है. खबर आ रही है कि 10 मई से 11 जिलों में और 18 प्लस लोगों का टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा.
उत्तर प्रदेश सरकार ने पत्रकारों को भी प्राथमिकता के अनुसार टीके लगाने की बात कही है. यानी टीकाकरण में पत्रकारों और उनके परिवार को प्राथमिकता दी जाएगी. सरकार ने पत्रकारों के लिए अलग से वैक्सीनेशन सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं और प्राथमिकता के स्तर पर उनका वैक्सीनेशन करने के लिए कहा है. इतना ही नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा है कि अगर जरूरी हो तो मीडिया दफ्तरों में जाकर कोरोना वैक्सीन लगाएं.





Add Comment