टॉप न्यूज़

तीन हत्याओं के आरोपी ने पकड़े जाने के बाद जो कहा उसे जानकर पुलिस ने भी माथा पकड़ लिया

हरियाणा का गुरुग्राम. गुरुग्राम पुलिस ने 22 साल के युवक को 3 लोगों की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के गुनाह कबूलने की बात मीडिया को बताई है. पुलिस ने बताया कि हत्यारोपी ने 3 दिन में तीन हत्याएं की और पकड़ा ना जाता तो और भी कई हत्याएं कर देता. हत्यारोपी ने पुलिस को जो थ्योरी बताई उसके बाद पुलिस का माथा ठनक गया. उसकी बातें सुनने के बाद पुलिस को संदेह है कि आरोपी बिहार, दिल्ली और गुरुग्राम में कम से कम 10 हत्याओं में शामिल है.

क्या खुलासा किया पुलिस ने

पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा की 24 नवंबर की रात लेजर वैली इलाके में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस अभी मामले की जांच कर ही रही थी कि 25 नवंबर की रात को सेक्टर 40 में एक और व्यक्ति की डेड बॉडी मिली. उसको भी चाकुओं से गोदकर मारा गया था. सिलसिला यहीं नहीं रुका 26 नवंबर की रात को भी सेक्टर 47 में 26 साल के युवक का कटा हुआ सिर वाला शव मिला, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई.
तीनों घटनाओं की जांच पालम विहार के क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई. क्राइम ब्रांच ने तीनों हत्याओं के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरा खंगाल दिए लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला. पुलिस ने कांफ्रेंस में आगे बताया पालम विहार पुलिस ने जांच में आरोपी मोहम्मद रजि को इफको चौक के पास से गिरफ्तार किया, जो बिहार का रहने वाला है. आरोपी पहले दिल्ली में काम करता था पूछताछ में आरोपी मोहम्मद रजी ने तीनों क़त्ल कारित करना स्वीकार किया.

क्या बताया आरोपी ने

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह पहले तीनों के साथ बैठकर शराब पीता था और फिर चाकुओं से गोद कर उनकी हत्या कर देता था. उनके सामान की तलाशी लेता था. जो काम का समान होता था उसे वह ले जाता था. सिर कटे हुए शव के बारे में पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा की मृतक का नाम राकेश है. आरोपी मोहम्मद रजी ने राकेश को मार कर उसकी गर्दन काटकर कन्हाई गांव की झुग्गियों के पास फेंक दिया था, जो आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया.
पुलिस ने बताया कि तीनों ही गरीब लोग थे. तीनों ही मामले में समानता ढूंढते हुए उन्होंने मामले की जांच की थी. उनका कहना था कि रात को घूमते हुए आरोपी को जो मिल जाता था. मतलब उसके पास कुछ सामान होता था उसे अपनी बातों में उलझा कर शराब पिलाकर हत्या कर देता था.

हत्या के पीछे हैरान करने वाला तर्क

पुलिस ने आगे कहा आरोपी पहले गेस्ट हाउस में काम करता था. पर 1 महीने से कुछ नहीं कर रहा था. पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा था, “मुझे बचपन से कुछ भी समझ नहीं आया था. हर कोई कहता था कि तुम बहुत कमजोर हो, तुम क्या कर पाओगे? फिर मैंने सोचा था कि मैं दुनिया को दिखाना चाहता हूं कि मैं क्या कर सकता हूं! पुलिस ने बताया कि पूछताछ में इसने सिर्फ 3 मर्डर के बारे में बताया है और यह भी कहा है कि अगर वह पकड़ा ना जाता तो इस तरह के और भी हत्यायें करता. फिलवक्त पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया है और आगे की खोज पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक उन्हें संदेह है कि बिहार दिल्ली और गुरुग्राम में कम से कम 10 हत्या के मामलों में आरोपी शामिल है. इस आधार पर भी गुरुग्राम पुलिस जांच पड़ताल कर रही है.

About the author

Prakash Pandey

Add Comment

Click here to post a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Follow us @ social media

Follow us @ Facebook

विविध