कोरोना के नए अवतार यानी कोरोना के नये स्ट्रेन को लेकर राज्य में अलर्ट किया गया है. 10 मामले सामने आने के बाद शासन प्रशासन में हड़कंप मचा है. स्थिति को भांपते हुए योगी सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है. नए कोरोना स्ट्रेन के ये मामले यूपी के मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद में मिले है. इन शहरों में बीते दिनों कई लोग ब्रिटेन से वापस आए थे.
मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक, ब्रिटेन से लौटे करीब 565 लोगों के फोन बंद मिल रहे है. ब्रिटेन से शुरू हुआ कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन अब भारत के कई राज्यों में फैलता जा रहा है. देश में अबतक दो दर्जन के करीब ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें कोरोना के नये स्ट्रेन के लक्षण हैं. कोरोना वायरस के न्यू स्ट्रेन की एंट्री अब यूपी में हो गयी है. यहां अबतक ऐसे 10 मामले सामने आ चुके हैं, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गयी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी के दस लोगों में कोरोना स्ट्रेन के लक्षण मिले हैं, उनमें मेरठ में एक, नोएडा में तीन, गाजियाबाद में दो और बरेली का एक व्यक्ति है. जबकि, दो लोग ऐसे हैं जो रहने वाले दिल्ली के हैं लेकिन उत्तर प्रदेश में आए हैं.
सबसे पहले मेरठ में ही एक दो वर्षीय बच्ची में कोरोना का नया स्ट्रेन बीते दिनों मिला था. बच्ची परिवार सहित यूके से वापस आया थी. इसी के बाद यूपी सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया था. यूपी के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. डीएस नेगी स्टेट कोविड कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी जिलों की निगरानी भी कर रहे हैं और सभी जिलों को सख्ती से नियम पालन करने को कहा गया है.
फिलवक्त तक मिली जानकारी के मुताबिक, यूके से यूपी वापस लौटे करीब 565 लोगों के मोबाइल बंद हैं और उनका पता निकालने के काम प्रशासन जुटा हुआ है. जबकि, प्रदेश में अबतक विदेश से लौटे 950 लोगों की जांच की जा चुकी है. साथ ही अन्य की तलाश हो रही है और फिर जांच की जायेगी. सरकार ने नए स्ट्रेन से निपटने के लिए सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है.

Add Comment