COVID-19 Live Update

[cov2019]
टॉप न्यूज़

दिल्ली सरकार को सुप्रीम ‘फटकार’, कोरोना टेस्ट और शवों को लेकर SC ने जताई नाराजगी

नई दिल्ली. दिल्ली में कोरोना से संक्रमित लोगों की जांच और शवों की दुर्गति को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने केजरीवाल सरकार को फटकार लगाई है. शवों की हो रही दुर्गति की वायरल वीडियो का स्वत: संज्ञान लेते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले पर सुनवाई की.
केजरीवाल सरकार को जोरदार फटकार लगाते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने कहा

“देश की राजधानी भयंकर खतरे में है जिस तरह से शवों को रखा जा रहा है वह बेहद दुखद है. मरीजों के शवों से जानवरों से भी खराब सलूक किया जा रहा है.”

सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र की मोदी सरकार से भी सवाल किया है. सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना संकट में मरीजों की देखभाल के लिए गाइडलाइंस जारी न करने पर मोदी सरकार से सवाल पूछा है. इतना ही नहीं शीर्ष अदालत ने दिल्ली, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया है.
दिल्ली में कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण पर सवाल उठाते हुए 3 जजों की बेंच ने पूछा है कि

“दिल्ली में टेस्ट कम क्यों हो रहे हैं? सरकारी अस्पतालों में कोरोनावायरस संक्रमितों के साथ किस तरह का व्यवहार हो रहा है?”

सर्वोच्च न्यायालय ने चेन्नई और मुंबई में टेस्टिंग बढ़ाने की बात रखते हुए दिल्ली सरकार से टेस्टिंग ना बढ़ाने पर सवाल पूछा है.
इतना ही नहीं मरीजों के साथ बेड की समस्या को लेकर शीर्ष अदालत की बेंच ने सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि

“दिल्ली में सरकारी अस्पतालों में बेड खाली हैं लेकिन मरीज बेड के लिए परेशान हैं. आखिर यह स्थिति क्यों बनी है? दिल्ली सरकार अभिलंब स्थिति को सुधारे और कोर्ट को बताए.”

गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं इतना ही नहीं दिल्ली से दूसरे स्थानों पर जाने वाले लोग भी संक्रमित पाए जा रहे हैं जिससे चिंता बनी हुई है.