देश में तेज़ी से पैर पसार रहे कोरोना पर लगाम लगाने के लिये केंद्र सरकार ने एक बार फिर कंटेनमेंट का सहारा लिया है. बढ़ते कोरोना को देखते हुए केंद्र की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नया आदेश जारी किया गया है. आदेश में केन्द्र ने कहा है कि, जिन जिलों में कोरोना संक्रमण के ज्यादा मामले आ रहे हैं, वहां वायरस के प्रसार को रोकने के लिये कंटेनमेंट जोन बनाने जैसे उपाय किए जाएं.
लॉकडाउन का जिक्र नहीं
गृह मंत्रालय ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नई गाइडलाइंस जारी की है लेकिन कहीं भी लॉकडाउन (Lock Down) लगाने की बात नहीं कही है. केन्द्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ऐसे जिलों की पहचान करने के लिए कहा है जहां कोरोना संक्रमण की दर 10 फीसदी से ज्यादा है, या जहां बीते एक सप्ताह में मरीजों के अस्पताल आने की दर 60 फीसदी से अधिक है. केन्द्र ने कहा है कि ऐसे जिलो में कंटेनमेंट जोन बनाने पर विचार किया जा सकता है.
पूरे देश में कड़ाई से लागू होगा नया गाइडलाइन
कोरोना के खिलाफ जंग में गृह मंत्रालय का नया आदेश अगले 31 मई तक प्रभावी रहेगा.
एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 86 हज़ार मामले
इस बीच कोरोना के पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए. एक दिन में सर्वाधिक 3,86,452 नए मामले आने के साथ भारत में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या 1,87,62,976 हो गयी है जबकि इलाज करवाने वाले रोगियों की संख्या 31,70,228 से अधिक हो गयी है. ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक 3498 लोगों की संक्रमण से मौत के कारण मृतकों की कुल संख्या 2,08,330 हो गयी है. पिछले 24 घंटे में 2, 97,540 लोगों ने महामारी को मात दी है.
केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति बाकी सब पर पहरा
केंद्र सरकार ने कहा है कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है वहां आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन प्रतिबंधित रहेंगे. शादी समारोह में 50 लोग और अंतिम संस्कार में 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति सरकार ने दी है. कोरोना संक्रमण के प्रसार पर केंद्र सरकार ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि महामारी पांव पसार रही है. यह चिंता की बात है. ऐसे में केंद्र और गृह मंत्रालय ने राज्यों को कई निर्देश दिए हैं. राज्य सरकारों को लोगों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़े इकट्ठा करने के लिए भी केंद्र ने कहा है. केंद्र का मानना है ऐसा करने से भविष्य में कोरोना से लड़ने में मदद मिलेगी. इसके अलावा केंद्र ने राज्यों से कोरोना मरीजो को जरूरी सुविधाएं और इलाज देने के लिए भी निर्देशित किया है.




Add Comment