लखनऊ. 2020 से ज्यादा 2021 में उत्पात मचाने वाले कोरोना वायरस पर नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन को बढ़ाने का निर्णय लिया है. अब प्रदेश में 4 और 5 मई को भी सभी बाजार बंद रहेंगे. राहत की बात यह है कि जरूरत की चीजों की दुकान पर पहरा नहीं रहेगा. बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने शनिवार और रविवार तक तालाबंदी का आदेश दिया था जिसके बाद पिछले सप्ताह शुक्रवार के दिन ही मंगलवार तक तालाबंदी को बढ़ाने का निर्णय लिया गया. अब यह पाबंदी 6 मई यानी गुरुवार की सुबह 7:00 बजे तक रहेगी.
सप्ताहांत कर्फ्यू में आज सोमवार को 2 दिन और जोड़ दिए गए. अपर मुख्य सचिव सूचना विभाग नवनीत सहगल के मुताबिक सरकार ने पिछले शुक्रवार रात 8:00 बजे से मंगलवार सुबह 7:00 बजे तक लागू किए गए कोरोना कर्फ्यू को दो और दिनों के लिए बढ़ा दिया है. अब यह कर्फ्यू 6 मई सुबह 7:00 बजे तक लागू रहेगा.
कब तक रहेगी यह व्यवस्था
क्या यह व्यवस्था आगे भी रहेगी? इस सवाल के जवाब पर सहगल ने बताया कि फिलहाल यह व्यवस्था इसी हफ्ते के लिए की गई है. राज्य सरकार ने फैसला प्रदेश में कोरोना संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के अपने प्रयासों के तहत लिया है.
पहले 1 दिन के लिए बड़ा था कर्फ्यू
इससे पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार ने सप्ताहांत में लगने वाले कर्फ्यू की अवधि को 1 दिन बढ़ाने का निर्णय लिया था. पिछले गुरुवार को अपर मुख्य सचिव सूचना ने बताया था कि प्रदेश में अब शुक्रवार की रात 8:00 बजे से मंगलवार सुबह 7:00 बजे तक लॉकडाउन रहेगा. पहले यह सोमवार सुबह 7:00 बजे तक लागू रहता था. लॉकडाउन के दौरान केवल आवश्यक और अनिवार्य सेवाएं जारी रहेंगी. सरकार ने औद्योगिक गतिविधियों और वैक्सीनेशन कार्य को बंदी में भी जारी रखने का निर्णय लिया है. इसके अलावा सामाजिक कार्यों, धार्मिक आयोजन, भीड़ भाड़, राजनीतिक आयोजनों पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई है. इतना ही नहीं शादी विवाह में 50 लोग जबकि अंतिम संस्कार में केवल 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति सरकार ने दी है.
290 कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा
उत्तर प्रदेश में रविवार को कोरोनावायरस के संक्रमण के 30983 नए मामले सामने आए जिसमें 290 संक्रमित की मौत हो गई. अब तक प्रदेश में कुल 13,162 लोग अपनी जान गवा चुके हैं जबकि प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 13,13,361 हो गई है.





Add Comment