उत्तर प्रदेश का सहारनपुर. कोरोना के चलते प्रदेश में आंशिक लॉक डाउन लगाया गया है. वैश्विक महामारी की दूसरी लहर सुनामी बनकर आयी है जिसपर लगाम लगाने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है. जनपद में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 21 हज़ार को पार कर चुका है. आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान तालाबंदी में हैं.
इसी बीच जिलाधिकारी ने अपने आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए दैनिक उपयोग की दुकान जैसे सब्जी, फल, दूध, किराना के साथ कृषि से संबंधित पेस्टिसाइड, बीज, खाद आदि की दुकानों को खोलने का निर्णय लिया है. बीज और खाद की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने यह फैसला लिया है.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने अपने आदेश में लिखा है कि
मार्केट एवं मंडी में केवल आवश्यक दैनिक उपयोग की दुकानों जैसे सब्जी, फल, दूध, किराना तथा कृषि से संबंधित पेस्टिसाइड, बीज, खाद इत्यादि की दुकानों ( खुले रहने का समय प्रातः 7:00 बजे से अपराहन 2:00 बजे तक) को छोड़कर अन्य दुकानें बंद रहेंगी.
जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक उपरोक्त दुकानों को छोड़कर हर तरह की दुकान अगले आदेशों तक बंद रहेगी. जिलाधिकारी ने दुकानें खुलने के समय में परिवर्तन किया है. आदेश में लिखी आवश्यकता की दुकान सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक खोली जा सकेगी.
डीएम ने उक्त दुकानों के खुलने के दौरान कोविड-19 कॉल का पालन करने के लिए निर्देशित किया है. कहा है कि जिन दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन व मास्क ग्लब्ज़, सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य होगा.
कंटेनमेंट जोन में हर तरह का प्रतिष्ठान बंद रहेगा. आवश्यक सेवाओं के अलावा सभी कार्य प्रतिबंधित रहेंगे.
जिले में क्या है कोरोना की स्थिति
जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 21147 हो गई है जिसमें 5824 एक्टिव केस है. पिछले 24 घंटे में 1069 नए मामले सामने आए वहीं 362 लोगों ने महामारी को मात दी. जिले में अब तक 15129 लोग स्वस्थ हो चुके हैं. पिछले 24 घंटे में 5 लोग कोरोना के चलते जीवन की जंग हार गए जिसके बाद कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 194 हो गयी है.




Add Comment