लखनऊ/उत्तर प्रदेश. कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने लॉकडाउन को जारी रखने का प्लान किया है. प्रदेश में अब दो दिवसीय साप्ताहिक लॉकडाउन रहेगा यानी 5 दिन बाजार और ऑफिस खुलेंगे जबकि 2 दिन यानी शनिवार और रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा. अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने रविवार को कोरोनावायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के मकसद से सप्ताह के अंत में दो दिवसीय लॉकडाउन की जानकारी साझा की.
रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन की जानकारी देते हुए अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अविनाश कुमार अवस्थी ने बताया कि लॉकडाउन वाले दिनों में बाजार और कार्यालय बंद रहेंगे जबकि बैंकों को खोला जाएगा. उन्होंने जानकारी दी और कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लॉकडाउन जारी रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि यह सावधानी कोरोना वायरस संक्रमण पर नियंत्रण के लिए बरती जा रही है. साथ ही साथ अपर मुख्य सचिव ने कहा इस शनिवार और रविवार को होने वाली बंदी से आर्थिक गतिविधियों को पूरी तरह से मुक्त रखा जाएगा.
इससे पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 जुलाई को 10 जुलाई रात 10:00 बजे से 13 जुलाई सुबह 5:00 बजे तक कंप्लीट लॉकडाउन रखने का एलान किया जिसकी मियाद कुछ ही घंटों बाद समाप्त हो जाएगी.
उत्तर प्रदेश सरकार ने जारी किए जरूरी निर्देश …
- अब सभी बाजार सोमवार से शुक्रवार तक खुलेंगे तथा शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी.
- साप्ताहिक बंदी के दौरान सभी बाजारों की स्वच्छता एवं सेनिटाइजेशन के लिए विशेष कार्यक्रम चलेगा.
- औद्योगिक इकाइयों को शनिवार व रविवार को अपने यहां सेनिटाइजेशन का कार्य कराने के निर्देश.
- सभी कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अस्पताल में 48 घंटे के लिए ऑक्सीजन का बैकअप मौजूद रखने का निर्देश.
- वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य जैसे एक्सप्रेस वे, डैम इत्यादि तथा बाढ़ के दृष्टिगत तटबंध की मरम्मत के कार्य सोशल डिस्टेंसिंग के साथ निरंतर किए जाएं.
- मुख्यमंत्री कोविड-19 के दृष्टिगत इससे बचाव के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए.
- कोविड-19 से रोकथाम के लिए पूरे प्रदेश में घर-घर पहुंचकर सर्वे का कार्य जारी, टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 50 हजार टेस्टिंग प्रतिदिन करने का निर्देश.
- जनपद कानपुर नगर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया व वाराणसी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश.
- लोगों को जागरूक किया जाए कि वे मास्क को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहें.
- ग्राम प्रधानों से संवाद स्थापित कर विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया गया है.
- बिना लक्षण वाले मरीजों को कोविड-19 के एल-1 अस्पतालों में भर्ती कराया जाए.
- प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम व वॉर्ड स्तर पर पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराये गये हैं, इनका सदुपयोग कोरोना से निपटने में किया जाए.
- स्वास्थ्य मंत्री सभी सीएमओ से संवाद स्थापित करेंगे.
- सभी मेडिकल कॉलेजों तथा संस्थानों से संवाद स्थापित करने का निर्देश.




Add Comment