
अगर आप क्रेडिट कार्ड धारक हैं और अपने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग, पेट्रोल पंप और दुकानों में ख़रीददारी के लिए करते हैं तो सावधान हो जाइए. क्रेडिट कार्ड के बढ़ते चलन के बाद अब बहुत सारे क्रेडिट कार्ड के फ्रॉड संबंधी शिकायते आनी शुरू हो गयी हैं. आज हम आपको बताएँगे की ये क्रेडिट कार्ड फ्रॉड होते कैसे हैं और इनसे कैसे बचा जा सकता है.
भारत मे सभी बैंकों द्वारा समय समय पर अपने ग्राहकों को आगाह किया जाता है की अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी अंजान व्यक्ति को ना दें चाहे वो बैंक का कोई एंप्लायी ही क्यूँ ना हो. इसके बावजूद बहुत से पढ़े लिखे उपभोक्ता भी इसके शिकार हो रहे हैं.
कैसे होता है क्रेडिट कार्ड फ्रॉड ??
ज़्यादातर मामलों मे ये देखा गया है कि क्रेडिट कार्ड धारक को किसी अंजान नंबर से फोन आता है और उन्हे क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने की जानकारी दी जाती है या किसी रिवॉर्ड पायंट्स का लालच दिया जाता है. फ्रॉड करने वाले पूरी तैयारी के साथ आपको कॉल करते हैं ताकि आप उनकी बातों पर आसानी से यकीन कर लें और उनके बुने हुए जाल मे फस जाएँ. मसलन उनके पास आपका नाम, मोबाइल नंबर और क्रेडिट कार्ड के अंतिम ४ डिजिट पहले से ही मौजूद होते हैं और इससे पहले की आप उन पर शक करें वो पहले ही आपके बारे मे ये जानकारियाँ वेरिफाइ करवा लेते हैं.
ऐसे कॉल करने वाले ज़्यादातर अपने आप को बैंक का कर्मचारी बताते हैं या फिर क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट ऑफ इंडिया से होने का दावा करते हैं. सच तो ये है की ऐसी कोई संस्था वजूद मे ही नही है. पिछले दिनो राजेश को भी एक ऐसा ही कॉल आया जिसमे उसे जानकारी दी गयी की सेक्यूरिटी कारणों से उसका कार्ड ब्लॉक किया जा रहा है और 15 दिनो बाद एक नया कार्ड उन्हे भेजा जाएगा. फोन करने वाले ने राजेश को बताया की यह कॉल उसे नया कार्ड इश्यू करने के लिए ही एक वेरिफिकेशन कॉल है. इसके तुरंत बाद राजेश से उसके पुराने कार्ड की जानकारी माँगी गयी और साथ ही यह भी बताया गया की चूँकि यह एक ऑनलाइन प्रोसेस है तो कॉल के बीच में ही उसको SMS के द्वारा एक कोड प्राप्त होगा ताकि आपके फोन नंबर का वेरिफिकेशन हो सके. राजेश ने जैसे ही वो कोड कॉल करने वाले को कन्फर्म किया उसे बताया गया की उसका अप्लिकेशन वेरिफाइ हो गया है अब 15 दिनो में ही उसके पास नया कार्ड पहुँच जाएगा. कॉल काटने के बाद राजेश को बैंक द्वारा एक और SMS प्राप्त हुए जिसमे ये जानकारी दी गई की आपने XYZ साइट से 17,000 रुपये का समान ऑर्डर किया है. राजेश ने जब वापस उस नंबर पर कॉल करने की कोशिश की तो वो नंबर लगातार बिज़ी आ रहा था या फिर बंद था.
ऐसी ही एक कॉल पिछले दिनो विनोद को भी आई और उसे बताया गया कि उसके कुछ रिवॉर्ड पायंट्स पिछले महीने समाप्त हो गये हैं लेकिन अगर वो चाहें तो उतने ही रिवॉर्ड्स पायंट्स के बदले उन्हे दुगने पैसों का चेक उनके पते पर अगले 15 दिनों में भेजा जाएगा. जिसके लिए उन्हे अपने कार्ड की सारी जानकारी वेरिफाइ करवानी होगी. जैसे ही विनोद ने अपने कार्ड की जानकारी कॉल करने वाले को दी उसके कार्ड से 8000 रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली गयी.
क्रेडिट कार्ड फ्रॉड से कैसे बचें ??
ऑनलाइन फ्रॉड्स से बचने का एक़मात्र उपाय है जागरूकता. खुद भी सतर्क रहें और अपने परिवार और दोस्तों को भी जानकारी शेयर करें.
कभी किसी भी अंजान व्यक्ति को अपना कार्ड ना दें और ना ही अपने कार्ड की जानकारी शेयर करें.रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, शॉपिंग माल्स इत्यादि में कार्ड का इस्तेमाल अपने सामने ही होने दें.
केवल विश्वसनीय जगह पर ही कार्ड का इस्तेमाल करें.
केवल सुरक्षित वेबसाइट से ही शॉपिंग करें. हमेशा ध्यान रखें की https:// से शुरू होने वाली वेबसाइट ही ऑनलाइन शॉपिंग के लिए सुरक्षित होती हैं.
अगर आपकी बैंक वर्चुअल क्रेडिट कार्ड की सुविधा देती है तो बेहतर होगा की आप हमेशा ऑनलाइन शॉपिंग के लिए उसका ही इस्तेमाल करें.
क्रेडिट कार्ड के खो जाने की स्थिति में सबसे पहले अपने बैंक से संपर्क करें और अपने कार्ड को ब्लॉक करवाएँ.
अगर आप क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के शिकार हुए हैं तो तुरंत अपने बैंक को अवगत कराएँ और पुलिस की सहायता लें. ध्यान रहे कुछ इंटरनॅशनल खरीद पर OTP की बाध्यता नही होती है तो ऐसे में आपके लिए ख़तरा और भी बढ़ जाता है. क्योंकि ऐसी खरीद मात्र कार्ड के 16 डिजिट्स और CVV के माध्यम से ही की जा सकती हैं. तो अगर आप यह सोच रहे हैं की OTP के बगैर आपके कार्ड का ग़लत इस्तेमाल नही हो सकता तो आप ग़लत हैं.
अगर आपके साथ ऐसा हुआ है तो क्या करें ??
लोग ऐसी घटना का शिकार होने के बाद इसे अपना नुकसान मान कर भूल जाते हैं और उचित कार्यवाही नही करते. जिससे ऐसे ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले लोगों का मनोबल बढ़ता है. अगर आप ऐसे फ्रॉड का शिकार हुए हैं तो घबराएँ नही आप आसानी से अपने पैसे वापस पा सकते हैं.
सबसे पहले अपनी बैंक मैं कॉल करके अपने कार्ड को तुरंत ब्लॉक करवाएँ.फिर नज़दीकी पुलिस स्टेशन पर जाकर अपनी प्राथमिकी रिपोर्ट (FIR) दर्ज करवाएँ.
अपने मोबाइल पर आए हुए SMS को डिलीट ना करें.
SMS को ध्यान से पढ़ें और जिस वेबसाइट से ऑनलाइन शॉपिंग की गयी है उसको तुरंत संपर्क करें और इस घटना की पूरी जानकारी दें.
आपको बता दें की आपके क्रेडिट कार्ड से इस्तेमाल हुए पैसे तुरंत वेबसाइट ओनर के पास नही जाते, ये रिज़र्व बैंक से मान्यता प्राप्त Payment Gateways के माध्यम से वेबसाइट ओनर के पास कुछ अवधि के बाद जाते हैं. ऐसे किसी तरह के फ्रॉड की स्थिति में वेबसाइट ओनर Payment Gateway को ऐसे किसी भी Transaction को रिजेक्ट करने का निर्देश देता है. Payment Gateway से 3-7 दिनों के भीतर आपके सारे पैसे आपके क्रेडिट कार्ड में वापस आ जाते हैं.
