उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दाढ़ी बढ़ाने को लेकर चर्चा में आए दरोगा इंतसार अली दाढ़ी कटवाने के बाद बहाल कर दिए गए हैं. दाढ़ी बढ़ाने को अनुशासनहीनता मानते हुए बागपत के एसपी अभिषेक सिंह ने उनको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था. हालांकि इससे पहले अनुशासनहीनता को लेकर दरोगा इंतजार अली को चेतावनी भी दी गई थी लेकिन चेतावनी को अनदेखा करने पर 20 अक्टूबर को एसपी अभिषेक सिंह ने अनुशासनहीनता की कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया.
दाढ़ी कटवा कर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे दरोगा
बागपत के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मुताबिक दरोगा इंतसार अली अपनी दाढ़ी कटवा कर 24 अक्टूबर को उनसे मिलने गए थे और अनुशासनहीनता पर अपना खेद व्यक्त किया था, जिसके बाद उन्हें रमाला थाने में तैनाती दी गई है.
नियम क्या कहता है
दरअसल, पुलिस महकमे में केवल सिख धर्म के लोगों को छोड़कर सभी को दाढ़ी रखने के लिए अपने सीनियर ऑफिसर से पूर्व अनुमति लेनी होती है. बागपत के रमाला थाने में तैनात दरोगा इंतसार अली ने दाढ़ी बढ़ा ली. लेकिन इसके लिए उन्होंने पूर्व में कोई भी स्वीकृति नहीं ली थी. चेतावनी के बाद भी दरोगा इंतसार अली ने दाढ़ी नहीं कटवाई जिस पर विभागीय नियमों की अनदेखी का आरोप लगा उन्हें सस्पेंड किया गया था.
ऐसे हुए बहाल और मिल गया थाना
20 अक्टूबर को एसपी अभिषेक सिंह ने अनुशासनहीनता के आरोप में दरोगा इंतसार अली को निलंबित कर दिया था. लेकिन 24 अक्टूबर को दाढ़ी कटवा कर इंतजार अली कप्तान से मिलने पहुंच गए जिसके बाद उन्हें बहाल कर दिया गया और थाने में तैनाती भी दे दी गई.
सहारनपुर के रहने वाले हैं इंतसार अली
दरअसल 3 साल से बागपत जिले में कार्यरत इंतसार अली मूल रूप से सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं. लॉकडाउन से पहले उन्हें रमाला थाने में तैनाती दी गई थी. स्थानीय मीडिया के मुताबिक इंतजार अली नवंबर 2019 से ही अनुमति लेने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उन्हें विभाग से इसकी मंजूरी नहीं मिल रही थी.
सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर
इंतजार अली के दाढ़ी कटवाने को लेकर सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप लग रहे हैं. कुछ लोग जहां इंतजार अली के दाढ़ी कटवाने से खफा है वहीं कुछ लोग अनुशासन के अनुपालन में उनके प्रयासों की सराहना भी कर रहे हैं.

Add Comment