RAHUL PATEL
सहारनपुर की पुलिस आजकल खूब चर्चा में है. चर्चा पुलिस की कार्यशैली को लेकर है. जनपद के कप्तान और उनके आदेश, हर बात की चर्चा. हालिया चर्चा बीट सिपाही की तस्वीर फोन नम्बर के साथ क्षेत्र में दीवार पर चस्पा करने को लेकर है.
दरअसल, जिले के कप्तान डॉ शिवा शिम्पी चन्नप्पा आमजन तक पुलिस की पहुंच और क्राइम पर रोक लगाना चाहते हैं. लोगों में निडरता का एहसास भरना चाहते हैं. इसी कोशिश को अमली जामा पहनाने के लिए एसएसपी ने अनोखा तरीका अपनाया है. उन्होंने एरिया के बीट सिपाही की फोटो और उनका मोबाइल नम्बर क्षेत्र में चस्पा करवाने के निर्देश दिए हैं.
हालांकि कप्तान के फरमान का पालन कुछ ही क्षेत्रों में अभी तक हो सका है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक केवल थाना सदर बाज़ार के पेपर मिल चौकी के पुलिसकर्मियों द्वारा ही इसपर काम किया गया है. चौकी पर तैनात बीट आरक्षी दिनेश कुमार और अय्यूब अली ने अपने नाम और मोबाइल नम्बर के साथ पोस्टर बनाकर क्षेत्र में जगह जगह चस्पा किये हैं. बीट आरक्षियों की इस पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है.
लोगों का मानना है कि एसएसपी की इस पहल से लोगों में उत्साह और पुलिस के लिए विश्वास जागेगा. पुलिस को समय पर घटना का पता और लोगों को मदद मिलेगी.

Add Comment