Coronavirus outbreak : देश में कोरोनावायरस ने रफ्तार पकड़ ली है. बीते 21 दिन में 6 लाख मरीज़ सामने आए हैं और मरीजों की तादाद तकरीबन 12 लाख के करीब पहुंच गई है. पिछले 24 घंटे में 40 हजार से अधिक नये केस सामने आए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 21 दिनों में अब तक कोरोना के सबसे अधिक मरीज सामने आए हैं. बताया जा रहा है कि 21 दिनों में 6 लाख कोरोना के केस दर्ज हुए हैं.
एक रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई में कोरोना मरीजों की तादाद सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है. बीते 21 दिन में 6 लाख नये केस सामने आए हैं. जबकि 30 जून तक कोरोना वायरस के देश में 5.9 लाख केस थे. वहीं इस महीने अब तक 11000 मरीजों की मौत हुई है, जो प्रतिदिन औसत 500 के आसपास है. देश में अब तक कोरोना वायरस से तकरीबन 28000 से अधिक लोगों की मौत हो गई है.
मंगलवार को केंद्र सरकार ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रभावी प्रबंधन के कारण देश में कोविड-19 से होने वाली मृत्यु की दर घटकर 2.43 प्रतिशत रह गयी जो 17 जून को 3.36 प्रतिशत थी. स्वास्थ्य मंत्रालय के ओएसडी राजेश भूषण ने कहा कि 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस से संक्रमण की दर राष्ट्रीय औसत 8.07 प्रतिशत से कम है.
उत्तर प्रदेश में क्या है कोरोना का अपडेट
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को संक्रमण के 2151 नये मामले भी सामने आये हैं. इनमें कानपुर नगर में सबसे ज्यादा 230 मरीज पाये गये हैं. इसके अलावा लखनऊ में 212, झांसी में 151, वाराणसी में 95 और मुरादाबाद में 90 नये मरीज सामने आये हैं. इस अवधि में 1024 मरीज पूरी तरह ठीक भी हुए हैं. प्रदेश में अब तक 31,855 लोग पूरी तरह उपचारित होकर घर जा चुके हैं. प्रदेश में इस समय उपचाराधीन मामलों की कुल संख्या 20,204 है. जबकि वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1229 हो गयी है.
उत्तराखंड में कोरोना का हाल
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की गति भी थमने का नाम नही ले रहा. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राज्य में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 4849 तक पहुंच गया है. जबकि राज्य में 3297लोग स्वस्थ होकर अपने घर गए हैं. मंगलवार को उत्तराखंड में 210 मामले सामने आये. जिनमें देहरादून 65, अल्मोड़ा 5, टिहरी 21, उत्तरकाशी 16, हरिद्वार 52, नैनीताल 15, उधम सिंह नगर 34, चंपावत 2.
वर्तमान में उत्तराखंड में 1459 केस एक्टिव हैं जबकि कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 55 हो गया है.
सहारनपुर में कोरोना का हाल
मंगलवार को भी जनपद में 9 नए कोरोना संक्रमण के मामले मिले जिसके बाद प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई.
जिले में अगर एक्टिव मामलों की बात करें तो वर्तमान में 128 मामले एक्टिव हैं जबकि कोरोना संक्रमित की संख्या 651 हो गई है. 518 लोग ऐसे रहे हैं जिन्होंने महामारी को मात दी है और स्वस्थ होकर घर चले गए हैं जबकि जनपद में कोरोना से 6 मौतें हुई हैं.जिले में वर्तमान में 14 हॉटस्पॉट एरिया हैं.


Add Comment