Lucknow. उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना से संक्रमित मरीजों के लिए अलग अस्थाई जेल की व्यवस्था की है. इन जेलों में 156 विदेशियों समेत कुल 288 कोरोना संक्रमित मरीजों को बंद किया गया है.
दरअसल, कोरोना के संक्रमित मरीजों को अलग से रखने की दृष्टि से प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 34 जिलों में अस्थाई जेलों का निर्माण किया है जहां 132 भारतीय, 156 विदेशी नागरिकों समेत कुल 288 लोगों को रखा गया है.
22 अप्रैल बुधवार के दिन सरकार ने सभी जनपदों में बनाई गई अस्थाई जेलों का विवरण जारी किया.
विवरण के अनुसार बंद विदेशियों में फ्रांस, मोरक्को, मलेशिया, थाईलैंड, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, बांग्लादेश, सूडान, फिलिस्तीन, सीरिया, माली आदि देशों के नागरिक बंद हैं. इनके साथ ही 132 भारतीयों को भी बंद किया गया है जो कोरोना से संक्रमित हैं.
सहारनपुर में यह स्थिति
अगर सहारनपुर की बात करें तो यहां पर 11 भारतीय, 54 विदेशी समेत कुल 65 नागरिकों को किशोर कारागार में अस्थाई जेल बनाकर रखा गया है. 54 विदेशियों में 20 लोग किर्गिस्तान, 18 इंडोनेशिया, 4 थाईलैंड, चार सूडान, 2 मलेशिया, 1 सऊदी अरब, 1 फ्रांस, 1 फिलिस्तीन, 1 सीरिया, 1 माली और 1 मरोक्को का नागरिक अस्थाई जेल में बंद किया गया है.
इन जिलों में बनाई गई अस्थाई जेलें
उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ, बिजनौर, जौनपुर, सुल्तानपुर, सहारनपुर, ज्ञानपुर भदोही, बुलंदशहर, प्रयागराज, सीतापुर, मुरादाबाद, वाराणसी, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, कानपुर, मिर्जापुर, आगरा, मथुरा, सोनभद्र, उन्नाव, खीरी, हरदोई, फतेहपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, बहराइच, बाराबंकी, मेरठ, बागपत, पीलीभीत, कन्नौज और बांदा में अस्थाई जेल बनाई है.

Add Comment