मशहूर शायर मुनव्वर राना आजकल चर्चा में हैं. किसी शायरी की वजह से नहीं बल्कि फ्रांस में हुए हमले पर बयान देकर. मुनव्वर राना को फ्रांस में बेगुनाहों की हत्या करने वाले मासूम दिखाई देते हैं. मुनव्वर ने उनका बचाव किया है हालांकि किसी के कत्ल को उन्होंने जायज नहीं ठहराया.
पहले पूरा मामला समझ लीजिए
पहली घटना, दरअसल, पूरा घटनाक्रम 16 अक्टूबर को शुरू हुआ. फ्रांस का पेरिस शहर और शुक्रवार का दिन, 18 साल के आरोपी युवक ने 16 अक्टूबर को एक टीचर सैमुअल पैटी का गला काट दिया था. वजह थी, टीचर ने क्लास में अभिव्यक्ति की आजादी समझाने के लिए पैगंबर मोहम्मद का कैरिकेचर दिखाया था. घटना से नाराज राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो ने इसे इस्लामिक आतंकी हमला करार दिया था.
दूसरी घटना 29 अक्टूबर की है. फ्रांस के नीस शहर के गिरजाघर में घुसकर एक हमलावर ने 3 लोगों की हत्या कर दी. हमलावर ने चाकू से महिला का गला काट दिया और दो अन्य लोगों की निर्मम हत्या कर दी. महिला का गला काटते समय हमलावर ‘अल्लाहू अकबर’ चिल्ला रहा था. आतंकवाद निरोधक विभाग के अधिकारी जीन फ्रैंकोइस रिचर्ड के मुताबिक, गुरुवार को जिस हमलावर ने चाकू से हमला किया था वह ट्यूनीशियाई नागरिक था और सितंबर के महीने में यूरोप आया था.
क्या कहा था फ्रांस के राष्ट्रपति ने
दोनों हमलों की निंदा करते हुए राष्ट्रपति मैक्रो ने कहा था- इस्लाम एक ऐसा धर्म है जिससे आज पूरी दुनिया संकट में है. बयान के बाद से वह मुस्लिम देशों की आलोचना का शिकार हो गए. इस तरह के प्रदर्शन भारत में भी हो रहे हैं. भोपाल, अलीगढ़ समेत कई जगहों पर भारत में फ्रांस के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं.
पूरे मामले पर शायर मुनव्वर राना ने क्या कहा
पूरे घटनाक्रम पर ज़ी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में शायर मुनव्वर राणा ने कहा कि किसी का कत्ल करना सही नहीं है उन्होंने आगे कहा
अभी कोई शख्स मेरे बाप का कार्टून ऐसा बना दे गंदा, मेरी मां का कोई ऐसा गंदा कार्टून बना दे, तो हम तो उसको मार देंगे. अगर हमारे हिंदुस्तान में हमारे किसी देवी देवता का मां सीता का, भगवान राम का, ऐसा कोई कार्टून बना दे जो गंदा हो, आपत्तिजनक हो, अफसोसनाक हो, जिसे देख कर बेहयायी होती हो, आंखें बंद करने का जी करता हो, तो हम उसको मार देंगे.
शायर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए जी न्यूज को दिए साक्षात्कार में कहा
जब हिंदुस्तान में 1000 सालों से ऑनर किलिंग को जायज मान लिया जाता है, तब कोई सजा नहीं होती है, तो आप उसको नाजायज कैसे कह सकते हैं? या तो आप इन सब को लिखकर दीजिए कि ये गलत हुआ है और सब पकड़े जाएंगे या ये कहिए कि जो यहां हो रहा है, वही वहां हो रहा है, पूरी दुनिया में यही हो रहा है.


Add Comment